Type Here to Get Search Results !

शादी समारोह में मर्डर से मचा हड़कंप, भांजी की शादी में आए मामा को मारी गोली, मौके पर मौत

शादी समारोह में मर्डर से मचा हड़कंप, भांजी की शादी में आए मामा को मारी गोली, मौके पर मौत

रिपोर्ट: मुकेश कुमार पाण्डेय।

मुजफ्फरपुर: जिले के करजा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब अपनी भगिनी की शादी में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। जहां कुछ देर पहले तक शादी समारोह में शहनाइयों की गूंज और खुशियों का माहौल था, वहीं वारदात के बाद चीख-पुकार और मातम छा गया।


घटना करजा थाना क्षेत्र के भटौना वार्ड संख्या-2 की है। जानकारी के अनुसार भटौना निवासी नीति सहनी की पुत्री की शादी थी। देर रात बारात घर पहुंच चुकी थी और विवाह की रस्में चल रही थीं। परिवार के सदस्य एवं रिश्तेदार मेहमानों के स्वागत-सत्कार में व्यस्त थे। इसी दौरान लड़की के मामा रंजीत सहनी भी शादी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए थे।

बताया जाता है कि देर रात रंजीत सहनी घर के बाहर सोए हुए थे। इसी बीच अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तथा घायल को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

सूचना मिलने पर करजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के दौरान मौके से एक खोखा बरामद किया है, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।

करजा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रंजीत सहनी को सोए अवस्था में गोली मारी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है, जबकि मृतक के परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Bottom Post Ad

Trending News

    Hollywood Movies

    🔥 आपका विज्ञापन यहाँ दिखेगा
    अपनी कंपनी, दुकान, बिजनेस, कोचिंग, यूट्यूब चैनल या सर्विस का प्रचार करवाएं
    Contact Now